Zee Star News
Breaking News
ताज़ा खबर

प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्यों के दिए निर्देश

 

बाँदा, दिनांक 26 नवम्बर, 2026

प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्यों के दिए निर्देश

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने, जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित समीक्षा तथा निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में संरक्षित करने पर दिया विशेष जोर

बाँदा। विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आज सर्किट हाउस सभागार में जनपद के प्रभारी मंत्री एवं माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए।

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, बीज वितरण तथा खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि किसानों को खाद, बीज एवं अन्य कृषि निवेशों की उपलब्धता समय से सुनिश्चित कराई जाए, और उसका पम्पलेट एवं अन्य माध्यम से प्रचार प्रसार किया जाए जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए, ताकि मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। उन्होंने विभिन्न विभागों में पूर्ण हो चुके अथवा पूर्णता की स्थिति में पहुंचे निर्माण कार्यों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने तथा ऐसे कार्यों का लोकार्पण एवं नए कार्यों का शिलान्यास माननीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शीघ्र कराने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा

जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि वे स्वयं योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा उनकी गुणवत्ता एवं प्रगति पर विशेष निगरानी रखें। माननीय राज्य मंत्री जल शक्ति विभाग श्री रामकेश निषाद ने निर्देश दिए कि जल संस्थान की पूर्व से निर्मित पानी की टंकियों से पूर्व की भांति जलापूर्ति जारी रखी जाए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित टंकियों के संचालन के कारण पुरानी जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट उत्पन्न न होने पाए। और जहां भी जल जीवन मिशन के अंतर्गत सड़के टूटी है उनका रेस्टोरेशन का कार्य पूर्ण कराए।

निराश्रित गोवंश के संरक्षण एवं शीतकालीन व्यवस्था पर विशेष जोर

पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि गोवंश के शवों का निस्तारण सम्मानजनक ढंग से सुनिश्चित की जाए। सर्दी के मौसम को देखते हुए गौशालाओं में गोवंश के रहने, चारा-पानी एवं ठंड से बचाव की समुचित व्यवस्था की जाए। निराश्रित गोवंश को अभियान चलाकर शीघ्र गौशालाओं में संरक्षित किया जाए तथा सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर छुट्टा गोवंश दिखाई न दें, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।

भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश

भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में व्यापारियों द्वारा पानी की आपूर्ति न होने की समस्या से अवगत कराया गया। इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि पानी की टंकी के निर्माण के लिए प्रस्ताव यूपीसीडा को भेजा जा चुका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित कराई जाएगी।

पर्यटन स्थलों के पहुंच मार्ग एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी प्रमुख धार्मिक एवं आस्था से जुड़े स्थलों के पहुंच मार्गों को बेहतर बनाया जाए। इन स्थलों पर साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद में निर्मित मॉडल अन्नपूर्णा भवनों का लोकार्पण शीघ्र ही माननीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए गए।

किसानों की सुविधा के लिए सरकारी नलकूपों पर ट्रांसफार्मर की व्यवस्था के निर्देश

माननीय राज्य मंत्री जल शक्ति विभाग श्री रामकेश निषाद ने विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्या को प्रभारी मंत्री के समक्ष उठाते हुए बताया कि इस समय किसानों के लिए कृषि कार्यों का महत्वपूर्ण समय है। ऐसे में सरकारी नलकूपों पर ट्रांसफार्मर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, जिससे किसानों को सिंचाई एवं अन्य कृषि कार्यों में राहत मिल सके।

माननीय विधायक नरैनी श्री ओम मणि वर्मा ने अतर्रा चौराहे से ओरन चौराहे तक सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने तथा जनपद की खराब सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने का विषय उठाया।

पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कानून व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश

बैठक में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। अनावश्यक एवं गलत चालान न किए जाएं तथा किसी भी नागरिक के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग न हो। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए जिससे आमजन में विश्वास कायम रहे और शासन की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक प्रारंभ होने से पूर्व प्रभारी मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जनपद के समस्त थानों के थाना प्रभारियों के साथ भी बैठक की। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारियों एवं उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखें तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें। पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्रीय समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करें तथा आम जनता से सीधा संवाद बनाए रखें।

इसके अतिरिक्त सभी उप जिलाधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने, जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा राजस्व से संबंधित लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी श्री अमित आसेरी ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा समस्त कार्यों को गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूर्ण कराया जाएगा।

बैठक में माननीय राज्य मंत्री जल शक्ति विभाग श्री रामकेश निषाद, माननीय विधायक सदर श्री प्रकाश द्विवेदी, माननीय विधायक नरैनी श्रीमती ओम मणि वर्मा, माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सुनील सिंह पटेल, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री कल्लू सिंह राजपूत , जिलाधिकारी बांदा श्री अमित आसेरी सहित संबंधित जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा 2026 के मेधावियों का सम्मान समारोह आयोजित

zeestarnews

तथागत ज्ञानस्थली अतर्रा की तरफ से सभी क्षेत्रवासियों को सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं

zeestarnews

जिला वृक्षारोपण एवं पर्यावरण समिति की बैठक में पौधरोपण स्थलों के सत्यापन कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

zeestarnews

Leave a Comment