बाँदा, 18 अक्टूबर, 2024-
मुख्य विकास अधिकारी श्री वेद प्रकाश मौर्य एवं पद्म श्री उमाशंकर पाण्डेय की उपस्थिति में विकास भवन मेें जल संरक्षण के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जल संरक्षण के अन्तर्गत गत वर्षों एवं इस वर्ष 2024-25 में किये गये कार्यों का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश भूमि संरक्षण अधिकारी, कृषि अधिकारी, उद्यान एवं भूगर्भ जल अधिकारी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। उन्होंने निर्माण किये गये तालाबों, चेकडैम, मेडबन्दी तथा खेत-तालाब योजना के अन्तर्गत खोदे गये तालाबों एवं आरटीजन बेल केे सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों से जानकारी प्राप्त की। बैठक में बताया गया कि अटल भूजल योजना के अन्तर्गत इस वर्ष तीन विकास खण्डों में 11 तालाबों का निर्माण किया गया है तथा इसके साथ अन्य 18 तालाबों का भी निर्माण वर्षा जल संचयन हेतु किया गया है। वर्षा जल संचयन हेतु 95 ग्राम पंचायतों में रैनवाटर हार्वेेस्टिंग सिस्टम भी लगाये गये हैं। जनपद के अतर्रा, घनसौर, महुआ सहित अन्य स्थानों में 6 आरटीजन बेल भी जल संरक्षण हेतु बनाये गये हैं।