सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत 15 अक्टूबर 2024 को बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के सड़क सुरक्षा नोडल शिक्षकों का राजकीय इंटर कॉलेज बांदा में मंडलीय मास्टर ट्रेनर (सड़क सुरक्षा) डॉ. पीयूष मिश्र के निर्देशन में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें यात्रीकर/ मालकर अधिकारी राम सुमेर यादव ने शिक्षकों से अपील की कि बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन मत चलाएं नहीं तो पकड़े जाने पर उनका भी चालान किया जाएगा तथा वहीं पर उनको प्रशिक्षित भी किया जाएगा, इसी क्रम में मंडलीय मास्टर ट्रेनर डॉ. पीयूष मिश्र ने सभी उपस्थित नोडल शिक्षकों को स्पष्ट शब्दों में संदेश दिया कि शासकीय दिशा निर्देशों के क्रम में बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चलाने वाले शिक्षकों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान का भी आयोजन अधिकारियों द्वारा किया जाना सुनिश्चित हुआ है अतः निवेदन किया की एक आदर्श शिक्षक होने के नाते बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन न चलाएं तथा इस अभियान को सफल बनाते हुए रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से सभी को जागरुक भी करें। डॉ. मिश्र ने 18 वर्ष से कम उम्र के छात्रों, अभिभावकों को रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से जागरूक करना तथा जन सामान्य तक सड़क सुरक्षा एवम यातायात नियमों का संदेश फैलाने का अनुरोध किया साथ ही नशे की हालत में वाहन ना चलाना तथा मोबाइल फोन पर बात करते समय वाहन चलाना एक दंडनीय अपराध है इसके विषय में भी विस्तार से चर्चा एवं प्रशिक्षण दिया इसी क्रम में यातायात प्रभारी राजेश मिश्रा ने यातायात के नियमों से सभी को विस्तार से अवगत कराया तथा एक जागरूक नागरिक की तरह जिम्मेदारी निभाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर जनपद बांदा के बेसिक शिक्षा विभाग तथा माध्यमिक विद्यालयों के नोडल शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा पूर्ण सहभागिता के साथ कार्यक्रम में उपस्थित हो प्रशिक्षण प्राप्त किया अंत में मंडलीय मास्टर ट्रेनर डॉ. पीयूष मिश्र ने सभी को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई तथा विश्वास व्यक्त किया कि आप सभी अपने विचारों से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जागरूकता के संदेश को घर-घर तक पहुंचने में सफल होंगे ।