07 मार्च, 2025-
आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल बाॅदा श्री अजीत कुमार की अध्यक्षता में मण्डल स्तरीय उद्योग बन्धु की बैठक आयुक्त कार्यालय सभागार में सम्पन्न हुई
आयुक्त ने सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता पर उनका समयबद्ध निस्तारण करना सुनिश्चित करें, जिससे उद्यमियों की समस्याओं का समय से निस्तारण हो सके। बैठक में आयुक्त ने औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ में पेयजल की समस्या का निराकरण करने हेतु जलनिगम के अधिकारियों को स्वीकृत किये गये बजट से शीघ्र कार्यदायी संस्था के द्वारा कार्य शुरू कराये जाने के निर्देश दिये। औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ में खाली औद्योगिक प्लाटों के आवंटन की कार्यवाही के सम्बन्ध में क्षेत्रीय प्रबन्धक यूपीसीडा द्वारा बताया गया कि मुख्यालय स्तर पर ई-आक्शन की कार्यवाही किये जाने हेतु सूची प्रेषित की गयी है एवं मुख्यालय स्तर से आवंटन की प्रक्रिया की जानी है, जिसके सम्बन्ध में आयुक्त महोदय ने उक्त आवंटन सूचना उद्यमियों को उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये। ग्रामीण औद्योगिक आस्थान बाॅदा के उच्चीकरण के अन्तर्गत द्वितीय फेस में कार्यों को शीघ्र गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराये जाने के निर्देश उपायुक्त उद्योग को दिये।
उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ की सड़क की नालियों की सफाई कराये जाने तथा खराब एलईडी लाइट ठीक कराये जाने एवं निर्माणाधीन गेटों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराये जाने के निर्देश क्षेत्रीय प्रबन्धक यूपीसीडा को दिये। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता को औद्योगिक क्षेत्र में स्वतंत्र विद्युत फीडर की व्यवस्था किये जाने के सम्बन्ध में कार्यवाही किये जाने तथा विद्युत आपूर्ति की ट्रिपिंग में सुधार करने के निर्देश दिये। उन्होंने राष्ट्रीय राज्यमार्ग कबरई से महोबा की स्ट्रीट लाइट को ठीक कराये जाने तथा सड़क की मरम्मत के सम्बन्ध में शीघ्र कार्यवाही किये जाने के निर्देश एनएचआई के अधिकारी को दिये। उन्होंने निवेष मि़त्र पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लम्बित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, एक जनपद एक उत्पाद योजना की समीक्षा करते हुए बैंको में लम्बित आवेदनों का शीघ्र एलडीएम को सम्बन्धित बैंक शाखाओं से प्रकरणों का निस्तारण कराने के निर्देश दिये।
बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग श्री सुधीर कुमार ने उद्यमियों को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अन्तर्गत 5 लाख से अधिक धनराशि तक का ़ऋण 10 प्रतिशत अनुदान पर उद्योगों को बढाने के लिए दिया जा रहा है। उद्यमी इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती जे0 रीभा, अपर पुलिस अधीक्षक श्री शिवराज, संयुक्त विकास आयुक्त श्री अरविन्द कुमार, उपायुक्त उद्योग श्री गुरूदेव, उद्यमीगण संतोष गुप्ता, अशोक गुप्ता, मनोज शिवहरे, मनोज जैन सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
