विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को सफल बनाने हेतु सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें : जिलाधिकारी
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अंतर-विभागीय समन्वय समिति की बैठक जिलाधिकारी श्री अमित कुमार आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान को जनपद स्तर पर सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह एक बहु-विभागीय अभियान है, जिसमें सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को नोडल विभाग के रूप में अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायती राज, ग्राम्य विकास, नगर विकास, नगर पालिका, नगर पंचायत, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, कृषि एवं उद्यान विभाग को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर अभियान को धरातल पर प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग को समन्वय स्थापित करते हुए सैम एवं मैम बच्चों का चिन्हांकन कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करें तथा अभियान से संबंधित गतिविधियों की जियो-टैग्ड फोटोग्राफी कर नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, नालियों की सफाई कराने, स्वच्छता बनाए रखने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान घर-घर जाकर स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी तथा संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, क्लोरीन की गोलियों का वितरण कराने तथा आवश्यकतानुसार जल निकासी हेतु ड्रेनों की खुदाई कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सिंचाई विभाग, स्वच्छ भारत मिशन तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री माया शंकर सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को जनपद में प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।