सीएम डैशबोर्ड की खराब प्रगति से नाराज डीएम बांदा ने दिए सक्त निर्देश नहीं पूरा करने पर होगी कार्यवाही
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में खराब प्रगति वाले विभागों पर डीएम सख्त, रैंकिंग में सुधार लाने के दिए निर्देश
75 प्रतिशत से कम प्रगति वाले विभागों की समीक्षा कर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना के साथ प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी बाँदा श्री अमित आसेरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत 75 प्रतिशत से कम प्रगति वाले विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की प्रगति, रैंकिंग तथा लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की तथा स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा में प्रगति सुनिश्चित करें, ताकि जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान बबेरू, महुआ एवं तिंदवारी विकासखंडों में लाभार्थियों की अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना की फैमिली आईडी की खराब रैंकिंग के संबंध में बजट की कमी का विषय सामने आने पर जिलाधिकारी ने मुख्य कोषाधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट अगले दिन मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि समस्या का समयबद्ध समाधान कराया जा सके।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर फैमिली आईडी में सुधार लाने के साथ ही जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाबद्ध ढंग से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को विभाग द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन की जांच करने को कहा।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों की फैमिली आईडी में प्रगति में सुधार लाने, बेसिक शिक्षा विभाग को निःशुल्क जूता-मोजा के लाभार्थियों की फेमली आईडी में तेजी लाकर बेहतर रैंकिंग सुनिश्चित करने तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों से संबंधित कार्यों में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधूरे संपर्क मार्गों के संबंध में परियोजनावार एवं किलोमीटर के अनुसार लंबित कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा उनकी नियमित समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाई जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभागीय प्रगति की नियमित निगरानी करें तथा जिन योजनाओं में रैंकिंग खराब है, उनमें विशेष ध्यान देते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही एवं उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय कुमार पांडेय सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे