श्रीमती रामबाई दीक्षित स्मृति लेखक सम्मान हेतु दिनेश कर्नाटक एवं आलोक मिश्रा की पुस्तकें चयनि
• चित्रकूट में 3 एवं 4 जनवरी, 2023 को होगा सम्मान समारोह
जानकारी देते हुए सम्मान संस्थापक शिक्षक एवं वरिष्ठ साहित्यकार प्रमोद दीक्षित मलय (बांदा) ने बताया कि उन्होंने अपनी दिवंगत माता जी श्रीमती रामबाई दीक्षित की पुण्य स्मृति में ‘श्रीमती रामबाई दीक्षित स्मृति शिक्षा सम्मान’ की स्थापना इसी वर्ष की है। यह सम्मान प्रत्येक वर्ष शिक्षा की बेहतरी के लिए उल्लेखनीय योगदान देने एवं विद्यालय को आनंदघर बनाने वाले दो शिक्षकों (जिनमें एक शिक्षिका एवं एक शिक्षक होंगे) तथा शिक्षा केंद्रित दो पुस्तकों के लेखकों को प्रदान किया जायेगा। प्रथम श्रीमती रामबाई दीक्षित स्मृति शिक्षा सम्मान-2022 हेतु शिक्षकों में आसिया फारूकी (फतेहपुर) एवं रामकिशोर पांडेय (बांदा) का चयन किया गया है। वहीं प्राप्त पुस्तकों में से चयन समिति ने काव्यांश प्रकाशन, ऋषीकेश से प्रकाशित ‘शिक्षा में बदलाव की चुनौतियाँ’ (लेखक – दिनेश कर्नाटक, नैनीताल) तथा अगोरा प्रकाशन, वाराणसी से प्रकाशित ‘बच्चे मशीन नहीं हैं’ (लेखक – आलोक मिश्रा) का चयन किया है। लेखक दिनेश कर्नाटक राजकीय इंटर कालेज फूलचौड, नैनीताल, उत्तराखंड में प्रवक्ता पद पर कार्यरत हैं। चार कहानी संग्रह, एक उपन्यास, एक यात्रा वृत्तांत एवं आलोचना पर एक पुस्तक प्रकाशित। दिल्ली के सरकारी विद्यालय में शिक्षक युवा लेखक आलोक मिश्रा एससीईआरटी दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर प्रतिनियुक्त हैं। दो कविता संग्रह प्रकाशित। दोनों लेखकों को ‘श्रीमती रामबाई दीक्षित स्मृति शिक्षा सम्मान-2022’ चित्रकूट में 3 जनवरी, 2023 को आयोजित एक शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं के मध्य प्रदान किया जायेगा, जिसमें प्रत्येक लेखक को 1100 रुपए, सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न, मैडल, शॉल, श्रीफल एवं लेखनी आदि भेंट किये जायेंगे !