बांदा,

05 जनवरी, 2023-
जिलाधिकारी श्रीमती दीपा रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। उन्होंने उप जिलाधिकारियों पी0डब्लू0डी0 के अधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों से कहा कि जो ब्लैक स्पाट हैं उन पर सांकेतिक बोर्ड/ अन्य बचाव सम्बन्धी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर दो दिनों में रिपोर्ट दें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग के अधिकारियों की टीम बनाकर निर्देश दिये कि 10 दिनों के अन्दर ब्लैक स्पाट पर साइनेज बार्ड लगाये जायें अन्यथा सम्बन्धित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे अधिक आबादी वाले जो भी गाॅव हैं वहां पर ब्रेकर, डिवाइडर तथा रेडियम बोर्ड व स्टीकर लगाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने अत्यधिक दुर्घटना वाले स्थल औगासी एवं मर्का पर पटरी की मरम्मत करायेे जाने तथा अन्य दुर्घटना ग्रस्त स्थलों एवं गम्भीर मोड के किनारों पर यदि सड़क खराब हो तो ठीक कराकर बोर्ड लगाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने विद्यालयों, अस्पतालों व प्रमुख चैराहों, ब्लैक स्पाटों पर बोर्ड लगाये जाने के निर्देश दिये।
उन्होंने अधिशाषी अधिकारियों को निर्देश दिये कि अधिक भीड-भाड वाले एक-एक चैराहे को दुर्घटनाओं से बचाव हेतु विकसित करें तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था अवश्य करायें। उन्होंने सी0एम0ओ0 को अति दुर्घटना वाले स्थलों पर निकटतम पी0एच0सी0/सी0एच0सी0 की एवं एम्बूलेन्स में आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं सहित सूचना के बोर्ड लगवायें जायें। उन्होंने पुलिस प्रशासन, यातायात, परिवहन, नगर विकास यह सुनिश्चित कर लें कि अवैध पार्किंग स्टैण्ड संचालकों के विरूद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जाए और इन्ट्री प्वाइंट पर वाहन न खडे होने दिया जाए। सड़कों के किनारे स्थित पार्किंग सुविधा चिन्हित करते हुए कार्यवाही की जाए। उन्होंने मद्यपान कर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध भी कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन एवं यातायात विभाग को निर्देशित किया कि जनपद में फिटनेस प्रमाण पत्र के बिना कोई भी वाहन स्कूल बस संचालित नही होने पाये।
उन्होंने अनाधिकृत रूप से संचालित वाहनों की चेकिंग कराये जाने तथा भारी व बडे वाहनों के पीछे रिफलेक्टेड टेप लगाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने ओवर लोड वाहनों के विरूद्ध कडी कार्यवाही किये जाने के निर्देश पुलिस/खनन/परिवहन विभाग के सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। जाम की समस्या को देखते हुए आटो/रिक्शा, टैम्पो/टैक्सी की पार्किंग की व्यवस्था कराये जाने के सम्बन्ध में अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका एवं सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों को दिये। उन्होंने मार्ग दुर्घटना होने पर घायल व्यक्तियों तत्काल सहायता उपलब्ध कराये जाने हेतु नेशनल हाइवे पर एम्बूलेन्स की व्यवस्था कराये जाने के निर्देश दिये। सड़कों के किनारे अवैध रूप से वाहन खडे किये जायें तो उन संचालकों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक/जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को सड़क सुरक्षा हेतु जागरूक किये जाने के निर्देश दिये। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान घायल व्यक्तियों को गोल्डेन आॅवर में ट्रामा सेन्टर तक पहुंचाने का कार्य पुलिस, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से किया जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनंदन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री लक्ष्मी निवास मिश्रा, समस्त अधिशाषी अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, सम्भागीय परिवहन अधिकारी श्री अनिल कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित समिति के सदस्य गण एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारी गण उपस्थित रहे।
